सुल्तानपुर। जिला जज समेत अन्य जजों के आवास परिसर भी सुरक्षित नहीं हैं। शहर के सिविल लाइंस स्थित जजेज कॉलोनी की चारदीवारी में लगे लोहे के चार एंगल बुधवार रात चोरों ने गायब कर दिए।
वारदात का पता चलने के बाद उच्चाधिकारियों ने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद सीताकुंड चौकी प्रभारी श्रीकृष्ण शुक्ल ने कोतवाली नगर में अज्ञात चोरों के खिलाफ बृहस्पतिवार को केस दर्ज कराया।
चोरी की घटना जजेज कॉलोनी से जुड़ी होने की वजह से पुलिस महकमे की मुश्किलें बढ़ गईं। प्रकरण की जांच कर रहे उप निरीक्षक अनिल कुमार यादव ने बृहस्पतिवार को चोरी के प्रकरण का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हथियानाला निवासी आरोपी लल्लू निषाद, सीताराम निषाद एवं कुड़वार थाने के उतरदहा निवासी राम सुमिरन यादव को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से चारों लोहे के एंगल बरामद करने का दावा किया।
पकड़े गए आरोपियों को बरामद सामान के साथ सीजेएम नवनीत सिंह की कोर्ट में पेश किया गया। सीजेएम ने आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया। कोतवाली नगर के इंस्पेक्टर धीरज कुमार ने केस दर्ज करने व आरोपियों को जेल भेजे जाने की पुष्टि की है।