मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। उपजिलाधिकारी जयसिंहपुर अरविंद कुमार ने बुधवार को राजकीय धान क्रय केंद्र बेलहरी और बढ़ौनाडीह का निरीक्षण किया। राजकीय धान क्रय केंद्र बेलहरी के प्रथम और द्वितीय केंद्र पर स्थिति संतोषजनक पाई गई। बढ़ौनाडीह पर खरीद की गति धीमी पाई जाने पर नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारी को एक सप्ताह के अंदर खरीद में सुधार लाने का निर्देश दिया।
एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार बुधवार दोपहर अचानक पीसीएफ से संचालित राजकीय धान क्रय केंद्र बढ़ौनाडीह पहुंचे। वहां पर केंद्र प्रभारी रमेश चंद शुक्ला मौजूद नहीं थे। वहां मौजूद कर्मी से अब तक हुई खरीद के बारे में जानकारी करने पर पता चला कि केंद्र पर मात्र 100 क्विंटल धान की ही खरीद हुई है। इस पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों को एक सप्ताह के अंदर खरीद का लक्ष्य 1000 क्विंटल पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद एसडीएम ने बेलहरी में विपणन विभाग द्वारा संचालित राजकीय धान क्रय केंद्र प्रथम और द्वितीय का निरीक्षण किया। वहां पर स्थिति संतोषजनक पाई गई। दोनों केंद्रों को मिलाकर 5600 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। एसडीएम ने किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक खरीदारी करने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान एसएमआई अनिल वर्मा, विनय शुक्ला के साथ अन्य लोग भी मौजूद रहे।