सुल्तानपुर। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए ग्राम पंचायतों की सीमाएं भी सील कर दी गईं। ग्राम पंचायतों में अब बाहर के लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। साथ ही ग्राम पंचायतों के लोगों के बाहर जाने पर भी प्रतिबंध लग गया है। सील करने के बाद प्रधानों व ग्राम पंचायत सचिवों को आदेश के अनुपालन का निर्देश दिया गया है।
लॉकडाउन के बाद ग्राम पंचायतों में बाहर के लोगों की आवाजाही व ग्राम पंचायतों के लोगों के बाहर जाने की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में बाहरियों के प्रवेश पर पाबंदी लगाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को आदेश जारी किया था।
डीएम के आदेश पर सीडीओ रमेश प्रसाद मिश्र ने डीपीआरओ को ग्राम पंचायतों की सीमाएं सील करने का निर्देश दिया है। प्रशासन के आदेश पर जिले की सभी 986 ग्राम पंचायतों को सील कर दिया गया हैै। मुख्य विकास अधिकारी ने डीपीआरओ को प्रधान व ग्राम पंचायतों सचिवों के माध्यम से इसके अनुपालन का निर्देश दिया है।
डीपीआरओ के निर्देश के बाद ग्राम पंचायतों में बाहरियों की आवाजाही पर प्रतिबंध लग गया है। साथ ही ग्राम पंचायतों के लोगों पर भी बाहर जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि ग्राम पंचायतों में भी ग्रामीणों को सभी सामान मुहैया कराया जा रहा है। लोग प्रतिबंध का अनुपालन करें।