26. सुल्तानपुर में प्रेसवार्ता करते भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक नेता मानने में पूरी दुनिया संकोच नहीं कर रही है। पीएम ने जलवायु समेत विभिन्न मुद्दों पर कई देशों का नेतृत्व किया है। बुधवार को शहर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने कहा कि भारत विश्व का नेतृत्व करने की स्थिति में पहुंच गया है। इसकी वजह से बोरिस जॉनसन व इजरायल के प्रधानमंत्री भी पीएम की प्रशंसा कर रहे हैं।
विजेथुआ महावीरन धाम में एक लाख दीप जलाने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि हिंदू त्योहारों पर प्रतिबंध लगाने वाले भी अब मंदिरों में दर्शन करने लगे हैं। उन्होंने मंदिरों में दर्शन करने वाले सपा व कांग्रेस नेताओं की तुलना रामायणकाल के कालनेमि राक्षस से की। उन्होंने कालनेमि जैसे रामभक्तों से लोगों को सचेत किया।
महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि पेट्रोल व डीजल का दाम राजस्थान से यूपी में कम है। साथ ही कांग्रेस की सरकार में महंगाई दर 10 फीसदी व भाजपा सरकार में दर साढ़े चार फीसदी होने का तर्क दिया। प्रधानमंत्री के के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में मुख्यमंत्री ने अथक मेहनत कर इसे नियंत्रित किया। महाराष्ट्र व केरल में लगातार कोरोना केस बढ़ रहे हैं, लेकिन यूपी में केस घट गए हैं।
उन्होंने बताया कि हिंदुओं की आस्था के प्रतीक विजेथुआ धाम में एक लाख दीपक जलाकर मंदिर को जगमग किया जाएगा। इससे पहले शहर में पहुंचने पर उनका भाजपा नेता ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी समेत अन्य लोगों ने स्वागत किया। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, करुणाशंकर द्विवेदी, प्रवीण अग्रवाल, मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी मौजूद रहे।