सुल्तानपुर। जिले में बिजली विभाग के सामने बकाया वसूली सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है। हालात यह है कि पांच हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले 1.81 लाख उपभोक्ताओं पर विभाग के 1007 करोड़ रुपये फंसे हुए हैं।
जिले के सुल्तानपुर प्रथम, द्वितीय, कादीपुर, लंभुआ और जयसिंहपुर डिवीजनों में कुल 4.38 लाख उपभोक्ता पंजीकृत हैं। इनमें करीब 41 प्रतिशत उपभोक्ता ऐसे हैं जिन पर पांच हजार रुपये से अधिक का बकाया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इन उपभोक्ताओं से वसूले जाने वाले धन की राशि 1007 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
बकाया वसूली के लिए विभाग ने बिजली बिल राहत योजना के तहत एक दिसंबर से 28 फरवरी तक तीन चरणों में अभियान चलाया था। सरचार्ज पर शत-प्रतिशत छूट के साथ मूल बकाया में भी 25 प्रतिशत तक की राहत दी गई। इसके बावजूद विभाग केवल 103.51 करोड़ रुपये ही वसूल सका, जो कुल बकाया का लगभग 10 प्रतिशत है।
नोटिस के बाद होगी सख्त कार्रवाई
बिजली विभाग अब बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार पहले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्धारित समय के भीतर भुगतान न करने पर कनेक्शन काटने समेत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर राजस्व वसूली की कानूनी प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
तथ्य एक नजर में
कुल उपभोक्ता : 4.38 लाख
पांच हजार से अधिक बकायेदार : 1.81 लाख
कुल बकाया राशि : 1007 करोड़ रुपये
राहत योजना के दौरान वसूली : 103.51 करोड़ रुपये
वसूली प्रतिशत : करीब 10 प्रतिशत
अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं को चिह्नित किया जा रहा है। निर्धारित अवधि में भुगतान न करने वालों को नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी बकाया जमा न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वीके जैन, अधीक्षण अभियंता