भदैंया (सुल्तानपुर)। सुल्तानपुर-प्रयागराज हाईवे पर योगीवीर के पास ट्रक की चपेट में आने से घायल मजदूर की शनिवार सुबह मेडिकल कॉलेज लखनऊ में मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। मजूदर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
लहिया जलपापुर निवासी राम उजागिर (52) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार रात बाइक से सुल्तानपुर से घर लौट रहे थे। रास्ते में योगीवीर के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक से बाइक में टक्कर लग गई। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित भाग निकला। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
शनिवार सुबह लखनऊ में उनकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान जफर अली ने बताया कि राम उजागिर का शव लखनऊ से लाया जा रहा है। कोतवाल अखंडदेव मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)