धम्मौर (सुल्तानपुर)। बनकेपुर गांव के पास शुक्रवार रात अज्ञात वाहन से टकराकर बाइक सवार ढाबा संचालक की मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठा उनका ममेरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें मेडिकल कॉलेज से ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
धम्मौर गांव निवासी अमन श्रीवास्तव (24) का त्रिलोकपुर गांव के पास ढाबा है। परिजनों के मुताबिक, अमन के मामा का बेटा हर्षित श्रीवास्तव (23) निवासी बदलापुर जौनपुर उनके घर आया था। शुक्रवार रात 10 बजे अमन अपने ममेरे भाई हर्षित को बाइक से लेकर अमहट जा रहे थे। बाइक अमन चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।
रास्ते में बनकेपुर गांव के पास बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। दुर्घटना में अमन व हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। धम्मौर पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां पर चिकित्सक ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहां से हर्षित को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। धम्मौर थानाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
परिवार में मची चीख-पुकार
अमन के पिता विनोद श्रीवास्तव धम्मौर स्थित श्री हनुमत इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। अमन अपने पिता का इकलौता बेटा था। अमन के बाबा यमुना प्रसाद श्रीवास्तव भी सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। अमन की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है।