सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ओदरा गांव के पास बुधवार की दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई।
हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उस पर बैठी महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कैथौली गांव निवासी शोएब (35) बुधवार को बाइक से परिवार के लोगों के साथ रिश्तेदारी गया था।
तीनों वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ओदरा गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में शोएब की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि नगीना (50) पत्नी शकूर व इयान (8) पुत्र तसलीम घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।