सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर उतरेटिया-सुल्तानपुर के बीच रेलवे की ओर से रविवार सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर ढाई बजे तक मेगा ब्लॉक लिया गया। साढ़े छह घंटे के ब्लॉक के दौरान लखनऊ-सुल्तानपुर रेलपथ के बीच सीमित ऊंचाई के सब-वे के निर्माण कार्य कराया गया।
इस कार्य को लेकर जम्मूतवी से वाराणसी को जाने वाली बेगमपुरा डाउन एक्सप्रेस व देहरादून से हावड़ा के बीच चलने वाली उपासना डाउन स्पेशल को लखनऊ-सुल्तानपुर वाया वाराणसी के स्थान पर लखनऊ-प्रतापगढ़ वाया वाराणसी के रास्ते से रवाना किया गया।
कोटा-पटना डाउन एक्सप्रेस को लखनऊ से फैजाबाद वाया जफराबाद के रास्ते वाराणसी के लिए रवाना किया गया। हावड़ा से अमृतसर को जाने वाली हावड़ा-अमृतसर पार्सल अप एक्सप्रेस को वाराणसी से जफराबाद वाया फैजाबाद के रास्ते से लखनऊ रवाना किया गया।
प्रमुख ट्रेनों का रूट डायवर्जन किए जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि रविवार सुबह आठ से दोपहर ढाई बजे तक ब्लॉक लिया गया था। तय समय के बाद ट्रेनों की आवाजाही नियमित रूप से शुरू कर दी गई।