मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। पुलिस ने शुक्रवार को बीडीसी हत्याकांड के पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इन पांचों के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर मामले दर्ज थे।
19 सितंबर 2024 को क्षेत्र पंचायत सदस्य अवधेश सिंह बाजार से घर लौट रहे थे, तभी मोतिगरपुर-दोस्तपुर मार्ग पर गांव के विपिन सिंह, रिशु सिंह, प्रिंस सिंह, रिषभ सिंह उर्फ लक्की और अमन सिंह ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया था।
गंभीर रूप से घायल अवधेश सिंह की ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में मौत हो गई थी। बीडीसी के बड़े भाई रणधीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। थानाध्यक्ष मोतिगरपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। (संवाद)