सुल्तानपुर। चार दिन बाद बुधवार को जिले में बैंक शाखाएं खोली गईं तो खाताधारकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बैंकों पर क्लोजिंग के साथ ही लेन-देन व अन्य बैंकिंग कार्यों का दबाव रहा। खाताधारक धन की जमा-निकासी समेत अन्य बैंकिंग कार्यों को लेकर परेशान रहे। गुरुवार को बैंक शाखाएं संचालित होंगी। पहली अप्रैल को गुड फ्राइडे का अवकाश रहेगा।
पिछले 26 मार्च को बैंक शाखाएं चौथा शनिवार होने की वजह से बंद रहीं। रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहा। सोमवार से कामगार संगठनों के आह्वान पर दो दिवसीय हड़ताल की वजह से बैंक बंद रहे। बुधवार को चार दिन बाद अधिसंख्य बैंक शाखाएं खुलीं तो खाताधारकों की भीड़ सुबह से ही जुट गई। खाताधारक धन की जमा-निकासी समेत अन्य बैंकिंग कार्यों को लेकर परेशान रहे।
वहीं वित्तीय वर्ष की समाप्ति के आखिरी दिन की वजह से बैंक कर्मियों पर वार्षिक लेखा-जोखा दुरुस्त करने का दबाव देखा गया। अरेबिया के प्रवक्ता शिवकरन द्विवेदी ने बताया कि बुधवार व गुरुवार को वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर सभी बैंक कर्मियों पर काम का बोझ बढ़ा है। यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष आलोक सिंह ने बताया कि बैंकों में बुधवार को चेकों के लंबित क्लीयरेंस, फंड ट्रांसफर, नकद जमा-निकासी, पास बुक अपडेशन जैसे कई नियमित कार्य की अधिकता रही। इसके साथ ही क्लोजिंग का कार्य भी किया गया।
एलडीएम आरपी अरोड़ा ने बताया कि गुरुवार को वित्तीय वर्ष का काम अधिक रहेगा लेकिन हर रोज की तरह बैंकों में लेन-देन होगा। वहीं, पहली अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में खाताधारक गुरुवार के बाद शनिवार को बैंक से संबंधित काम निपटा सकते हैं। इसके बाद रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा।