सुल्तानपुर। भाजपा प्रत्याशी के पति पर हमले के मामले में बुधवार को एमपी-एमएलए कोर्ट का आदेश सामने आया। विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने इस मामले में एक दिन पूर्व तलब हुए थाना प्रभारी की तामिला रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए विधायक व पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ जमानती वारंट, दो आरोपियों पर गिरफ्तारी वारंट व दो के खिलाफ समन जारी करने का आदेश देते हुए 15 सितंबर के लिए तलब किया है।
अमेठी जिले के गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह व अन्य के खिलाफ भाजपा से तत्कालीन नपा अध्यक्ष पद प्रत्याशी रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह पर 10 मई 2023 को हुए हमले के मामले में गौरीगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमे का ट्रायल एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है।
अदालत ने गैरहाजिर चल रहे आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही जारी कर तलब किया था, लेकिन कई पेशियों से आरोपी हाजिर नहीं हुए और न पुलिस ने जारी कार्यवाही पर अपनी कोई रिपोर्ट पेश किया।
अदालत ने थाना प्रभारी को मंगलवार को व्यक्तिगत रूप से तलब कर जवाब मांगा था, जिस पर वह कोर्ट में हाजिर हुए और अपनी रिपोर्ट पेश की। अदालत ने पुलिस रिपोर्ट पर सुनवाई करने के बाद आदेश सुरक्षित कर लिया था।