सुल्तानपुर। शरारती तत्वों ने खरगपुर गांव में स्थित धर्मस्थल को रविवार की रात क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही दीवार पर धार्मिक नारा लिख दिया। सोमवार की सुबह इसकी जानकारी होने पर गांव में तनाव फैल गया। पुलिस अधिकारियों ने गांव में डेरा डालकर स्थिति संभाली। कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव में स्थित धर्मस्थल को रविवार की रात कुछ अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। धर्मस्थल की दीवार को खुरचकर कई जगहों पर धार्मिक नारा लिख दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक घटना रविवार की देर रात करीब 11 बजे की है। रात में खटपट की आवाज पर जब लोग धर्मस्थल पहुंचे लेकिन उन्हें वहां कोई नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण कोई तोड़फोड़ नहीं दिखाई दी।
सुबह जब लोग वहां पहुंचे तब वाकये की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मोतिगरपुर थाने पर दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, एसआई आशीष पटेल मय पुलिस बल जांच को पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को काफी देर तक समझाया-बुझाया और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिसके बाद लोग शांत हुए। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है। इसके लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों की माने तो कोई शरारती तत्व क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की लगातार कोशिश कर रहा है। इसके पहले भी इस तरह की हरकत की गई थी। तब भी मामले की सूचना स्थानीय थाने को दी गई थी।
सूचना पर पुलिस मामले की जांच करने पहुंची थी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामले को हल्के में निपटा दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने उसी समय मामले को गंभीरता से लिया होता तो शायद दोबारा इस तरह की हरकत नहीं होती।