सुल्तानपुर। तीन दिन पूर्व युवक से साढ़े 10 हजार रुपये और मोबाइल लूटने के चार आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना के वक्त एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था।
दोस्तपुर क्षेत्र के बस्तीपुर पहाड़पुर निवासी रोशन लाल गत मंगलवार की शाम बाजार से घर जा रहे थे। रास्ते में वचनपुर गांव के पास दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने रोशनलाल को रोक लिया और असलहे से धमकाकर मोबाइल फोन व साढ़े 10 हजार रुपये लूट लिए। रोशन के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक लुटेरे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी राहुल यादव निवासी पलिया देवापुर ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी दी। घटना में शामिल वसीम निवासी बखरा जलालपुर, अंकित यादव निवासी मंगरावा, कादीपुर, रमेश गौतम व शोएब निवासी बखरा जलालपुर को शुक्रवार को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट में इस्तेमाल तमंचा व कारतूस बरामद किया है।