पुलिस अभिरक्षा में गिरफ्तार लुटेरे।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। 50 हजार रुपये के इनामी समेत सात बदमाशों को एसटीएफ लखनऊ और जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पांच हजार रुपये के साथ ही चार तमंचे, कारतूस और लूट में इस्तेमाल की गई एक बाइक मिली है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने बैंक फ्रेंचाइजी, पेट्रोल पंप कर्मी व अन्य लोगों के साथ लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया था।
डीआईजी/एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने मंगलवार को बताया कि एसटीएफ लखनऊ और जयसिंहपुर कोतवाली पुलिस की टीम ने जिले में लूट की कई घटनाओं में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आदर्श कुमार पांडेय उर्फ शशांक पांडेय निवासी ग्राम मैधन थाना जयसिंहपुर, शिवम यादव निवासी चांदपुर कटका, शुभम यादव, शैलेश यादव उर्फ सिंटू निवासी भटपुरा थाना गोसाईंगंज, गोलू उर्फ समरेंद्र मणि मिश्रा निवासी ग्राम जुडापट्टी थाना कूरेभार, कैफ निवासी गंगेव और रेखा पत्नी दुर्गा प्रसाद निवासी मैधन थाना जयसिंहपुर जिला सुल्तानपुर के रूप में की गई।
डीआईजी/एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश आदर्श कुमार पांडेय का एक गिरोह है। गिरोह ने जिले में लूट की दर्जन भर से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। लूट की योजना गिरफ्तार किए गए लुटेरे रेखा के घर पर बनाते थे और घटना के बाद लूटा गया पैसा और असलहे वहीं पर रखते थे। टीम ने रेखा के घर से चार तमंचे, कारतूस, पांच हजार रुपये के लूट की घटना में प्रयुक्त एक बाइक भी मिली है।