सुल्तानपुर। एमपी-एमएलए कोर्ट में दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ चल रहे मामले में शनिवार को डिस्चार्ज अर्जी पर बहस की कार्यवाही बाधित रही। स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने बहस के लिए पांच सितंबर की तारीख तय की है।
अमेठी जिले के जगदीशपुर के हरपालपुर गांव के रहने वाले शोभनाथ साहू ने नौ जनवरी 2021 की घटना बताते हुए आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती के खिलाफ विवादित टिप्पणी के आरोप में स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले का विचारण एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट की अदालत में चल रहा है। इस मामले में आरोप बनाने के बिंदु पर कई पेशियों से कार्यवाही लंबित चल रही थी। इसी बीच सोमनाथ भारती की तरफ से स्वयं को बेकसूर बताते हुए उन्मोचन अर्जी पेश की गई है, जिस पर बहस की कार्यवाही लंबित है। (संवाद)