भदैंया। कामतागंज बाजार से बभनगंवा घाट गोमती नदी पुल को जोड़ने वाली अप्रोच सड़क बारिश में बह गई है। जिससे सड़क के दोनों छोरों पर बड़े गड्ढे बन गए हैं।
दो साल पहले 14 करोड़ रुपये की लागत से सेतु निगम ने गोमती नदी पर पांच पिलर का पुल बनाया था। इस पुल से मदाफरपुर चिलबिला के रास्ते प्रतापगढ़ तथा बरौंसा मोतिगरपुर होकर अंबेडकर नगर तक के लोग आवागमन करते हैं। साथ ही गोमती के दोनों तरफ बभनगंवा, चाचपारा, जगदीशपुर, बरुई, झौवारा, बेलामोहन, कामतागंज, पन्नाटिकरी, बरुईपार, आयुबपुर सहित करीब 30 गांवों के लोगों का आवागमन होता है।
पुल की अप्रोच सड़क बहने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। क्षेत्र के गंगेश मिश्र, देवेंद्र पाठक, सच्चिदानंद पाठक, महेश तिवारी, हरिशंकर, जय प्रकाश आदि ने जिलाधिकारी से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। महीने भर में इस मार्ग पर आवागमन करते वक्त बरौंसा के राघवराम, आयुबपुर के हरिश्चंद्र वर्मा, बरुई के शीतला निषाद, जय प्रकाश निषाद, हरीराम सहित कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग राकेश कुमार ने बताया कि जानकारी मिली है। जल्द ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।