सुल्तानपुर। प्रयागराज के महाकुंभ में 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के अमृत स्नान के दौरान हुए हादसे से श्रद्धालुओं की मौत की घटना से नाराज कांग्रेसियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को देकर मृतकों के साथ घायलों की संख्या सार्वजनिक करने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेसियों ने कहा है कि घटना में मृतकों व घायलों की संख्या को सरकार सार्वजनिक करने से बच रही है। मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख व घायलों को दो-दो लाख का मुआवजा सरकार की तरफ से दिया जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि महाकुंभ घटना की सच्चाई को सरकार छुपा रही है। जिला प्रवक्ता अमोल बाजपेयी ने धीरेंद्र शास्त्री के मोक्ष वाले बयान पर नाराजगी जताई। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने मेले में अव्यवस्था की बात कही।
इस मौके पर नफीस फारुकी, पवन मिश्र नन्हें, निकलेश सरोज, मीनू यादव, इमरान अहमद, अवधेश गौतम, देवेंद्र तिवारी, सिराज अहमद सिद्दिकी, सुरेंद्र शुक्ल, ओमप्रकाश दुबे, धर्मराज मिश्र, ओमप्रकाश त्रिपाठी चौटाला आदि मौजूद रहे।