सुलतानपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सोमवार को शहर के पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहीदों को नमन करते हुए रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए आजादी की लड़ाई के अमर शहीदों को नमन किया गया।
सोमवार को शहर के पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत कार्यक्रम का आयोजन सुबह से शुरू हुआ। डीएम रवीश गुप्ता व एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने गुब्बारा छोड़ते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल व पं. राम नरेश त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण आजादी के शहीदों को याद किया गया। नगर में केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राएं, स्काउट गाइड व एनसीसी के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली।
सभागार में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए। डीएम, एसपी व सीडीओ अतुल वत्स व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार सिंह ने शहीद सुंदरलाल, शहीद रामलाल के परिजनों को शाल, प्रशस्त्रि पत्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
सूचना विभाग के सांस्कृतिक दल पूर्वांचल लोकगीत कला केंद्र व सर्वांगीण विकास सेवा अकादमी के कलाकारों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में लखनऊ में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में चल रहे आयोजन का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना/मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को डीएम ने चाबी सौंपी। अन्य योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी डॉ. डीआर विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल, सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।