सुल्तानपुर। दहेज की मांग पूरी नहीं होने और जुड़वां बेटियां पैदा होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली नगर में आरोपी रेलवे कर्मी पति, सास व ससुर के खिलाफ शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विवेक नगर निवासी अवंतिका सिंह के मुताबिक उनकी शादी वर्ष 2014 में रायबरेली जिले के लालगंज के पूरे पछऊ बन्नामऊ निवासी रोहित सिंह से हुई थी। पति रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास इंद्रा सिंह और ससुर शिव बहादुर सिंह दहेज की मांग करने लगे। पीड़िता के मुताबिक, जुड़वां बेटियां रिद्धि और सिद्धि (08) के पैदा होने के बाद ससुराल वालों का उत्पीड़न और बढ़ गया। पुत्र न होने का ताना देकर उन्हें बेटियों के साथ घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात 10 बजे पति रोहित ने उनके घर पहुंचकर उन्हें पीटा। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। (संवाद)