सुल्तानपुर। कई दिन से शहर के नरायनपुर व आसपास के क्षेत्रों में आतंक मचाने वाले हिंसक सांड़ पर शनिवार को काबू पा लिया गया। पशु चिकित्सा व नगर पालिका की टीम ने उसे घासीगंज वार्ड में पकड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद बेहाशी का इंजेक्शन लगाकर उस पर काबू पाया गया। सांड़ को पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया है।
नरायनपुर व आस-पास के क्षेत्र में पिछले दिनों सांड़ ने कई लोगों को घायल कर दिया था। स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत वन विभाग, नगर पालिका व पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से की थी। शनिवार को वह सांड़ घासीगंज वार्ड पहुंचा। सूचना पर नगर पालिका से सफाई कर्मचारियों की टीम कैटल कैचर वाहन के साथ मौके पर पहुंची। वहीं पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद पशु चिकित्सा विभाग ने बेहोशी के इंजेक्शन से सांड़ को ट्रैंक्युलाइज करने पर कामयाबी पाई। दवा का असर होने पर सांड़ बेहोश हो गया। उसके बाद उसे कैटल कैचर वाहन से पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया। ईओ श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि पशु चिकित्सालय में उसका उपचार कराया जा रहा है।