कुड़वार। भूमि संबंधी कार्यों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शासन और प्रशासन ने माह के प्रत्येक दिन अलग-अलग राजस्व ग्रामों के पंचायत भवनों में लेखपालों के बैठने की व्यवस्था निर्धारित की है। शुरुआत में व्यवस्था ठीक चली, लेकिन कुछ समय बाद यह पटरी से उतर गई।
माह के अंतिम शुक्रवार को क्षेत्र के बबुरी, कोटा, नरही, बेला पश्चिम, मनियारी, पिपरी, नेवरा और नीरसहिया राजस्व ग्रामों में लेखपालों के बैठने का दिन निर्धारित है। शुक्रवार को नरही में पंचायत भवन बंद मिला और लेखपाल भी नहीं पहुंचे, जिससे भूमि संबंधी कार्य के लिए आए लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। ग्रामीण प्रेमनाथ ने बताया कि पंचायत भवन अधिकांश समय बंद रहता है। पिपरी पंचायत भवन पर भी लेखपाल के नहीं पहुंचने से भूमि संबंधी कार्य कराने आए लोगों को लौटना पड़ा। नीरसहिया में भी लेखपाल निर्धारित समय पर मौके पर नहीं पहुंचे। अन्य राजस्व ग्रामों में भी कमोबेश यही स्थिति देखने को मिली, जिससे शासन की यह व्यवस्था कागजों तक ही सीमित होकर रह गई।
तहसीलदार दुर्गेश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। पंचायत भवनों में लेखपालों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। संवाद