सुल्तानपुर। गारवपुर बाजार में एक युवक को बेकाबू ट्रैक्टर ने रौंद दिया। युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। सीओ लंभुआ के समझाने पर वे शांत हुए।
चांदा क्षेत्र के समहुता कलां निवासी लवलेश सरोज (20) शनिवार को किराना का सामान लेकर साइकिल से गारवपुर बाजार से लौट रहा था। रास्ते में ईंट लदे ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया। लवलेश की मौके पर ही मौत हो गई। कस्बा वासियों ने ट्रैक्टर को चालक समेत पकड़ लिया। लवलेश की मौत से नाराज ग्रामीणों और परिवारीजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही लंभुआ सीओ सतीश चंद्र शुक्ल, तहसीलदार अरविंद मिश्र ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों के मुताबिक मोहनलाल का बेटा लवलेश एक छोटी सी परचून व चाय की दुकान करता था। बेटे के काम में उसकी मां अमरावती हाथ बटाती थी।