सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर स्थित टाटियानगर के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल एक छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई।
इस हादसे में जयसिंहपुर क्षेत्र के मेरी संग्राम निवासी शिवम यादव (20) की जान चली गई। शिवम बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के दियरा बाजार निवासी सत्यम (19) बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र है। दोनों छात्र एक बाइक से बृहस्पतिवार की दोपहर बाद ढाई बजे कॉलेज से घर लौट रहे थे। रास्ते में टाटियानगर के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल दोनों छात्रों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शिवम की मौत हो गई। शिवम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।