हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग के बीच में फंसा ट्रक।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे की हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार दोपहर कृषि यंत्रों को लेकर वाराणसी की ओर जा रहा एक ट्रक फंस गया। ट्रक फंसने से हाईवे पर जाम लग गया। ट्रक को क्रेन की मदद से निकालने के बाद हाईवे पर आवागमन बहाल हो सका।
लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग की हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार को दोपहर दो बजे पंजाब से वाराणसी की तरफ जा रहा ट्रक फंस गया। रेलवे क्रॉसिंग के बीच में ट्रक के फंस जाने से हाईवे पर जाम लगने लगा। देखते-देखते क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोगों ने मामले की सूचना कोतवाली देहात थाने की पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेलवे क्रॉसिंग के हाइटगेज व गड्ढे में फंसे ट्रक को निकलवाने के लिए क्रेन मंगवाया। क्रेन की मदद से ट्रक को निकाला गया। करीब दो घंटे तक लगे जाम से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के बीच फंसे ट्रक को निकलवाने के बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो गया।