अखंडनगर (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के फरीदपुर गांव के पास शनिवार की देर शाम जीप और ट्रेलर की टक्कर हो गई। दुर्घटना में जीप के परखच्चे उड़ गए। चीख पुकार के बाद पहुंचे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण में लगे कर्मचारियों ने एंबुलेंस की मदद से छह लोगों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत होने पर चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव के पास शनिवार की देर शाम पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक ट्रेलर से तेज रफ्तार जीप की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में जीप के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काम करने वाले कर्मचारी पहुंच गए और हादसे की सूचना पुलिस को देते हुए एंबुलेंस को दी।
सूचना के बाद पहुंची एंबुलेंस से सभी छह लोगों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने डॉ. शकील (50) पुत्र अमीर निवासी घोसी जिला मऊ, महमूद (52) निवासी मिठनेपुर कोतवाली कादीपुर जिला सुल्तानपुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि फाजिया बानो (25), टीपू (24), चांद बाबू (21) और जीप चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष तनवीर अहमद ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। जीप चालक का नाम नहीं पता चल सका है।