सुल्तानपुर। अकोढ़ी गांव के पास शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। कार पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
आजमगढ़ जिले के दोहरीघाट निवासी प्रेमचंद राय परिवार व अन्य लोगों के साथ शुक्रवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते लखनऊ जा रहे थे। कार गोसाईंगंज क्षेत्र के अकोढ़ी के पास पहुंची थी। तभी एक डंपर ने कार को सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार पर सवार प्रेमचंद राय (65), एसएन राय (45), सूर्यनाथ पंडित (40) और कमलेश (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंचे यूपीडा एंबुलेंस से सभी को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां सभी की हालत गंभीर बनी हुई हैं।