अमेठी। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरौरा गांव के पास एंबुलेंस की अनियंत्रित ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र जामों के बहादुरपुर गांव निवासी जुबेर अली (30) पुत्र नासिर अली संभई गांव के आलोक सिंह के साथ गुरुवार की दोपहर बाइक से बाजार जा रहा था। कादूनाला के पास बाइक सवार जुबेर और आलोक को एंबुलेंस ने टक्कर मार दी थी।
टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को सीएचसी मुसाफिरखाना में भर्ती कराया गया था जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।
जिला अस्पताल सुल्तानपुर से आलोक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। परिवारीजन उसे लेकर लखनऊ चले गए थे जबकि जुबेर जिला अस्पताल में ही भर्ती था। हादसे की सूचना के बाद जुबेर के परिवार से उसका चचेरा भाई गुलफाम अली (30) पुत्र काजिम अली, मां सिरातुल निशा, मौसा कयूम और मामा निसार जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचे थे।
जिला अस्पताल से जुबेर को परिवारीजन डिस्चार्ज कराकर कमरौली थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराने के लिए एंबुलेंस से लेकर आ रहे थे। रास्ते में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कमरौली थाना क्षेत्र के मंगरौरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की एंबुलेंस से भिड़ंत हो गई।
हादसे में जुबेर, गुलफाम, सिरातुल निशा, कयूम और निसार घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया गया जहां जुबेर की मौत हो गई जबकि गुलफाम को चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया।
परिवारीजन गुलफाम को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। सीएचसी में सिरातुल निशा, कयूम और निसार का उपचार चल रहा है। एक साथ दो मौतों से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।