भदैंया। कोतवाली देहात के अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर नेकराही गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह साइकिल सवार बी फार्मा के छात्र नरहरपुर निवासी युगल सिंह (19) को सामने से जा रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर छोड़कर चालक भाग निकला।
नरहरपुर निवासी राजेश सिंह का पुत्र युगल सिंह केएनआई फरीदीपुर में बीफार्मा (बैचलर ऑफ फार्मेसी) के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देने के लिए बृहस्पतिवार सुबह साइकिल से घर से निकले थे। रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। युगल की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर फरीदीपुर की तरफ से जा रहा था। ग्रामीणों ने दुर्घटना की जानकारी कोतवाली देहात पुलिस को दी। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
साइकिल व बाइक की भिड़ंत में दो घायल : मोतिगरपुर। गौरा निवासी तुलसीराम (62) बृहस्पतिवार शाम दियरा बाजार से साइकिल से घर जाने के लिए निकले। कादीपुर की ओर जा रहे बाइक सवार शुभम पांडेय (31) निवासी गोलाघाट, कोतवाली नगर से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। घायलों को मोतिगरपुर सीएचसी पहुंचाया गया। (संवाद)