सुल्तानपुर। शहरी क्षेत्र के जानकीकुंड सार्वजनिक जलाशय पर अतिक्रमण के मामले में अवैध कब्जेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एसडीएम सदर के आदेश पर नगर पालिका ने कोतवाली नगर में मामला पंजीकृत कराया है। तहसीलदार के आदेश पर बीते माह भर से प्रकरण में राजस्व टीम जांच कर रही थी।
बीते दो सितंबर को लक्ष्मणपुर मोहल्लेवासियों ने तहसील दिवस में जानकीकुंड नामक सार्वजनिक तालाब पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत की थी। तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रही जिलाधिकारी अदिति सिंह के आदेश पर तहसीलदार कपिलदेव यादव ने तीन सदस्यीय राजस्व टीम गठित की थी। नायब तहसीलदार नगर ऋचा सिंह व कोतवाल वीपी सिंह को प्रकरण की निगरानी सौंपी गई। राजस्व टीम की जांच रिपोर्ट में सार्वजनिक तालाब पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई। दूसरे पक्ष की आपत्ति पर नायब नगर ने दो बार तालाब का मौका मुआयना किया। तहसील दिवस के दौरान एसडीएम सदर अमित सिंह ने जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी किया था।