सुल्तानपुर। दिवाली के मौके पर सूबे में 500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की व्यवस्था करने के बाद भी जिले की आपूर्ति में सुधार नहीं दिखा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर विद्युत कटौती से लोग जूझते रहे। फॉल्ट दुरुस्त करने की शिकायतों को लेकर उपकेंद्रों पर उपभोक्ताओं का दिनभर आना जाना
लगा रहा।
शाम पांच बजे 33 हजार वोल्ट की लाइन में आई खराबी से डाकखाना उपकेंद्र ही अचानक बंद हो गया। सूचना पर वितरण खंड के इंजीनियरों ने पहुंचकर फॉल्ट को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की। दिवाली के पूर्व व धनतेरस के मौके पर हुई अचानक कटौती से लोग परेशान हो गए। हालांकि कॉर्पोरेशन के निर्देश पर शहरी उपकेंद्र पर दिनभर कर्मचारी डटे रहे। दरियापुर से निकलने वाली ग्रामीण क्षेत्र की एक लाइन पर भी कुछ देर आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत के बाद कई घंटे बाद भी फॉल्ट को नहीं दुरुस्त किया जा रहा है। अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में छह से सात घंटे ही आपूर्ति मिल सकी है। कई क्षेत्र खराबियों की वजह से बिजली आपूर्ति से एकदम वंचित रहे। इसमें अखंडनगर, दोस्तपुर, हलियापुर, बल्दीराय व भटमई के कई गांव शामिल हैं।