लंभुआ (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के गारवपुर के पास सोमवार की शाम असलहाधारी लुटेरों ने बाइक से जा रहे दंपती से असलहे के बल पर ढाई लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे भाग गए। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके सूचना दी। घंटे भर बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
जौनपुर जिले के सिंगरामऊ निवासी लालचंद्र सरोज (40) चांदा थाने के ग्राम वीरमपुर मौजा गारवपुर में अपनी ससुराल आए थे। सोमवार को लालचंद्र बाइक से पत्नी संगीता के साथ घर जा रहे थे। शाम करीब सवा छह बजे चांदा थाने के कोथरा-तातोमुरैनी मार्ग पर स्थित गारवपुर के पास दो बाइक पर सवार चार असलहाधारी बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। लुटेरों ने लालचंद्र से सोने की चेन, दो अंगूठी, मोबाइल, बाइक की चाबी और उनकी पत्नी संगीता से हार, चेन, दो अंगूठी व चार कंगन असलहे के बल पर लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए। भुक्तभोगी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर 100 नंबर डायल करके घटना की सूचना दी। करीब घंटे भर बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पीड़ित के मुताबिक ढाई लाख रुपये जेवरात की लूट हुई है। इंस्पेक्टर जितेंद्र गिरि ने बताया कि वे जिला मुख्यालय पर आए हैं और घटनास्थल पर जा रहे हैं।