सुल्तानपुर। एनआरएचएम घोटाले की जांच कर रही सीबीआई की टीम ने बुधवार को तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर छापा मारा। चार घंटे तक चली जांच के दौरान टीम ने तत्कालीन सीएचसी प्रभारी और बाबू से पूछताछ की। टीम स्वास्थ्य केंद्र से कुछ जरूरी कागजात भी साथ ले गई है।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे सीबीआई लखनऊ के डिप्टी एसपी डीसी दीक्षित के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने सीएचसी जयसिंहपुर पर छापा मारा। छापे के दौरान टीम ने एनआरएचएम के तहत वर्ष 2009-10 और 2010-2011 में हुई खरीद-फरोख्त के बारे में पड़ताल की। टीम के अधिकारियों ने तत्कालीन सीएचसी प्रभारी डॉ. नित्यानंद चौधरी, बाबू राकेश सिंह से बंद कमरे में आधे घंटे तक पूछताछ की। टीम सीएचसी से कुछ जरूरी अभिलेख भी साथ ले गई है। दोपहर करीब ढाई बजे सीबीआई टीम चली गई। सीएमओ डॉ. केबी सिंह ने छापे की पुष्टि करते हुए बातचीत और अभिलेखों के ब्यौरे की जानकारी न होने की बात कही। सीबीआई टीम ने बुधवार शाम कादीपुर सीएचसी पर छापा मारा। छापे में टीम ने विभिन्न योजनाओं से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। इसके बाद सीबीआई टीम सीएचसी कादीपुर पहुंची। सीएचसी पर छापेमारी कर टीम ने 2009-10 एवं 2010-11 में हुई खरीद-फरोख्त एवं जननी सुरक्षा योजना, नसबंदी, व संविदा कर्मियों के भुगतान के विषय में जांच पड़ताल की। इसके पूर्व टीम ने दोस्तपुर सीएचसी में भी जांच पड़ताल की।