शहर का पीसीएस परीक्षा केंद्र जीआइसी।
- फोटो : शहर का पीसीएस परीक्षा केंद्र जीआइसी।
सुल्तानपुर। पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को होगी। जिले भर में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर 9792 अभ्यर्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे। इसके लिए प्रशासन से सभी तैयारियां पूरी कर ली है। परीक्षार्थियों पर आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की नजर रहेगी।
रविवार को दो पालियों में होने वाली पीसीएस परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने 22 सेक्टर व 22 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए हैं। परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ड्यूटी में लगे शिक्षकों को केंद्र पर ढाई घंटे पहले आना होगा। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस लेकर अंदर प्रवेश करने की सख्त मनाही है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल ने बताया कि आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक, अभ्यर्थियों की दो स्तर पर चेकिंग होगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान गेट पर तलाशी के बाद कक्ष में भी तलाशी ली जाएगी। अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक पहचान की जाएगी। सीसीटीवी में कैद की जाने वाली प्रत्येक फोटो पर एआई नजर रखेगी। सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस के अधिकारी लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक तहसील के एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। डीएम व एसपी भी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेंगे।