सुल्तानपुर। मतगणना कार्मिकों को कंट्रोल यूनिट का रिजल्ट बटन दबाने के बाद प्रत्याशीवार पड़े मतों की गिनती कर उसे प्रपत्रों पर भरना होगा। इसके बाद फार्म 17-सी का भाग दो भरा जाएगा। गणना के लिए कर्मचारियों को चार जून को मंडी परिषद में छह बजे सुबह पहुंचना होगा। बुधवार को विकास भवन सभागार में दो पालियों में 192 गणना कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
स्टेट मास्टर ट्रेनरों ने कार्मिकों को बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के किन्ही पांच बूथों पर पड़े मतों का मिलान वीवीपैट की पर्चियों से करके परखा जाएगा। इसी से सही वोटों का अंदाजा लगाया जाएगा। मंडी में पहुंचने के बाद कार्मिकों को गणना टेबल की जानकारी दी जाएगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14-14 गणना टेबल लगेंगे। एक काउंटिंग टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक माइक्रो आब्जर्वर, एक गणना सहायक और एक चतुर्थ श्रेणी कार्मिक होगा। स्टेट मास्टर ट्रेनर ने बताया कि कंट्रोल यूनिट के बटन को ऑन करके रिजल्ट-की बटन को दबाना है। इसके बाद प्रत्याशीवार मिले मत को फार्म 17-सी मतपत्र लेखा के भाग दो में अंकित करना होगा। इसकी दो प्रति तैयार करनी होगी।
इसके अलावा गणना के अन्य नियमों की जानकारी भी दी गई। सीडीओ अंकुर कौशिक ने कर्मचारियों को पूरी निष्पक्षता से गणना करने का निर्देश दिया। डीडीओ अजय कुमार पांडेय, स्टेट मास्टर ट्रेनर सत्यदेव पांडेय, सुनील सिंह, डॉ. जनार्दन राय समेत अन्य ने गणना कार्मिकों को प्रशिक्षित किया।