फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: आंधी में गिरे पेड़ की चपेट में आकर किशोर घायल

Thu, 30 May 2024 01:01 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
कुड़वार में हाईटेंशन लाइन पर गिरा नीम का पेड़। - संवाद
विज्ञापन
सुल्तानपुर। जिले के करीब आधे हिस्से में बुधवार शाम आई आंधी में पेड़ की डाल गिरने से चपेट में आया किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। आंधी व बारिश से दर्जनों टिनशेड व छप्पर उड़ गए। आधे जिले की करीब चार लाख से अधिक की आबादी की बिजली गुल हो गई है। इसमें दर्जनों पोल टूट गए हैं। सड़क पर पेड़ गिरने से कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो गया है।
विज्ञापन



जिले में पश्चिम से लेकर पूर्व तक व उत्तरी हिस्से में बुधवार शाम आई आंधी व साथ में हुई बारिश से दर्जनों पेड़ व पोल टूटकर गिर गए। बल्दीराय थाने के पूरे सृष्टि मौजा केवटली गांव में सूरज कुमार के घर के सामने महुआ के पेड़ की डाल गिर पड़ी। उसकी चपेट में आने से उनके घर आया शुभम (17) घायल हो गया। उसे आनन-फानन मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर लाया गया जहां से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।

कुड़वार के खरगिनपुर में रवि पांडेय के घर पर पेड़ गिरने से उनका टिनशेड क्षतिग्रस्त हो गया। आंधी से बल्दीराय, जयसिंहपुर व दोस्तपुर तहसील क्षेत्र में दर्जनों टिनशेड व छप्पर उड़ गए। सूरापुर क्षेत्र में तेज हवा का प्रभाव रहा। सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग पर रसूलपुर, इसौली व पारा में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया।
विज्ञापन


इन क्षेत्रों में हुई मामूली बारिश से थोड़ी देर के लिए सड़कों पर कीचड़ फैल गया। बारिश से लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली है। सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाकर आवागमन बहाल करने का कार्य शुरू हो गया है।



इन क्षेत्रों में आंधी से प्रभावित हुई बिजली आपूर्ति
बुधवार की शाम आई आंधी व बारिश ने बल्दीराय, धनपतगंज, कूरेभार, जयसिंहपुर, दोस्तपुर, मोतिगरपुर व अखंडनगर क्षेत्र में नुकसान पहुंचाया है। इन क्षेत्रों में आंधी में करीब 50 पोल टूट गए और दर्जनों उपकेंद्र बंद हो गए। हलियापुर, कुड़वार, सरकौड़ा, धनपतगंज, कूरेभार, भटमई, मोतिगरपुर, बिरसिंहपुर, गंगापुर भुलिया समेत दर्जनों उपकेंद्र बंद हो गए हैं। उपकेंद्रों के बंद होने से सैकड़ों गांवों की करीब चार लाख से अधिक आबादी की बिजली गुल हो गई है।

करीब आधे घंटे में आंधी का प्रभाव कम होने पर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद भी मोतिगरपुर, सरकौड़ा, धनपतगंज, कूरेभार, फरीदीपुर समेत कई अन्य उपकेंद्र व फीडर बंद चल रहे। नोडल अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि ज्यादातर उपकेंद्रों की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। देर रात तक सभी उपकेंद्रों की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें