आज आठ घंटे गुल रहेगी बिजली
अमेठी। क्षेत्र के भेटुआ स्थित विद्युत उपकेंद्र के टिकरी और धरईमाफी फीडर पर सोमवार को आठ घंटे विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। विद्युत उपकेंद्र में लगे कई वर्ष पुराने पैनलों को सोमवार सुबह से बदलने का कार्य किया जाएगा।
क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी विद्युत उपकेंद्रों की तकनीकी खामियां दुरुस्त करा रहे हैं। इसी क्रम में क्षेत्र के ब्लॉक भेटुआ स्थित विद्युत उपकेंद्र में लगे 20 वर्ष पुराने पैनलों को बदलने का कार्य किया जाएगा।
इसके चलते भेटुआ विद्युत उपकेंद्र के टिकरी व धरईमाफी फीडर पर सोमवार सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। एसडीओ विद्युत धर्मराज सिंह ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र के पैनल काफी पुराने हो चुके हैं।
इससे आए दिन विद्युत आपूर्ति में तकनीकी दिक्कत आ रही थी। कहा कि सोमवार को पैनल बदलने का कार्य किया जाएगा, जिससे दो फीडर बंद रहेंगे। कहा कि पैनल बदलने के बाद उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति मिलेगी।