शीशम के तीन पेड़ों पर चले आरे
- बल्दीराय थाने के सरैया माफी गांव की घटना
- कटान के बाद आरोपी फरार, अज्ञात पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के सरैया माफी गांव में सोमवार की रात वन माफिया ने शीशम के तीन पेड़ काट लिए। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से लकड़ियों को नहीं ले जाया जा सका। वन माफिया लकड़ी काटने के बाद भागने में सफल रहे। ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार को पहुंची वन विभाग की टीम ने लकड़ियों को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के सरैया माफी गांव के पास सड़क के किनारे वन विभाग के शीशम के पेड़ लगे हुए थे। सोमवार की रात वन माफिया ने पेड़ों की अवैध कटान शुरू करा दी। स्थानीय ग्रामीणों ने शीशम के पेड़ के अवैध कटान की जानकारी तत्काल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर जा पहुंची। ग्रामीणों की मानें तो वन माफिया तीन शीशम के पेड़ों के कई कटे हुए बोटे ले जाने में सफल रहे। कुछ बोटे को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी होने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। शीशम के पेड़ की लकड़ियां काफी कीमती बताई जा रही है। क्षेत्रीय वनाधिकारी एके द्विवेदी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम सरैया माफी गांव पहुंची थी। मौके से तीन शीशम के पेड़ों की अवैध कटान की पुष्टि हुई है। फिलहाल लकड़ियां बरामद कर ली गई हैं। बल्दीराय थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ अवैध कटान का केस दर्ज करा दिया गया है।
------------------
अटेवा का सदस्यता अभियान शुरू
सुल्तानपुर। अटेवा पेंशन बचाओ मंच की जिला इकाई की ओर से सदस्यता अभियान की शुरुआत मंगलवार से हुई। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे अटेवा के कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अश्विनी सिंह को सदस्यता ग्रहण कराई। जिलाध्यक्ष अशोक सिंह गौरा ने कहा कि पुरानी पेंशन के लिए शुरू हुई यह लड़ाई लक्ष्य हासिल करने तक जारी रहेगी। इस मौके पर महामंत्री मो. हसीब, मीडिया प्रभारी मनोज प्रभाकर सिंह, बृजेंद्र त्रिपाठी, अरुणेंद्र सिंह, शिव प्रताप मिश्र, हरिश्याम मौर्य, संजय सिंह, सुरेंद्र मौर्य समेत अन्य कई लोग मौजूद रहे।
-------------
अध्य्यन केंद्र में प्रवेश शुरू
मुसाफिरखाना। उप्र राजर्षि टंडन राज्य मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र राजीव गांधी पॉलीटेक्निक में सभी विषयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई। केंद्र समन्वयक देवेंद्र शुक्ल ने बताया कि पीजी डिप्लोमा इन योगा, ट्रिपल सी, पीजीडीसीए समेत पाठ्यक्रमों में विश्वविद्यालय के मानक के मुताबिक प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।