सुल्तानपुर। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए प्रशासन ने जिले में अभी तक 88 संदिग्ध लोगों की जांच कराई है। अब तक हुई जांच में 63 सैंपल निगेटिव आ चुके हैं। सैंपल के निगेटिव आने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने स्वास्थ्य टीम के जरिए अब तक 19,520 लोगों की स्क्रीनिंग भी कराई है। करीब पांच हजार कर्मी हालत पर नजर रख रहे हैं।
कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ठोस कार्यवाही शुरू कर दी है। बार्डर व अन्य गांवों से प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य टीम ने अभी तक 88 सैंपल लेकर कोरोना की जांच के लिए लखनऊ भेजा था।
अपर जिलाधिकारी वित्त उमाकांत त्रिपाठी के मुताबिक अभी तक इसमें 63 सैंपल निगेटिव आ चुके हैं। अभी 25 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। अभी तक की जांच में रिपोर्ट लगातार निगेटिव आने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।
इसके साथ ही प्रशासन विभिन्न प्रांतों, जिलों व विदेश से लौटे लोगों की स्क्रीनिंग करा रहा है। इसमें स्वास्थ्य विभाग की करीब साढ़े तीन सौ टीमों को लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से अभी तक 19,520 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
अभी लोगों की स्क्रीनिंग चल रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट प्रशासन की ओर से शासन को भेजी जा रही है। इसके अतिरिक्त करीब पांच हजार कर्मियों को लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखने व उन्हें चिह्नित करने के लिए लगाया गया है। फिलहाल अभी तक जिला कोरोना से सुरक्षित बना है।