33 हजार वोल्ट की मेनलाइन में फॉल्ट आने से लंभुआ तहसील क्षेत्र के तीन उपकेंद्र 60 घंटे से बंद हो गए हैं। बुधवार की सुबह से तीनों उपकेंद्र एक साथ आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र में बिजली को लेकर हाहाकार मच गया है।
तहसील मुख्यालय, नगर पंचायत कोइरीपुर समेत क्षेत्र की पांच लाख आबादी अंधेरे में डूब गई है। वितरण खंड के कार्यशैली की स्थिति यह है कि वह 48 घंटे तक फॉल्ट का ही पता नहीं लगा सका। अभी इसे दुरुस्त होने में 24 घंटे और लगने का भरोसा वितरण खंड की ओर से दिया जा रहा है।
मंगलवार की सुबह लंभुआ तहसील क्षेत्र को जाने वाली 33 हजार वोल्ट की मेन लाइन में अचानक फॉल्ट आने से तहसील क्षेत्र के तीन उपकेंद्र बंद हो गए। घंटों लंभुआ, ढाखापुर व कयामुद्दीनपुर उपकेंद्र बंद रहने के बाद उपभोक्ताओं के दबाव पर वितरण खंड के स्थानीय इंजीनियर कुछ हरकत में आए।
इंजीनियरों ने कर्मियों को फॉल्ट का पता लगाने का निर्देश दिया। कार्य की स्थिति यह रही कि गुरुवार की सुबह तक करीब 48 घंटे तक विद्युत कर्मी व इंजीनियर फॉल्ट का पता नहीं नहीं लगा सके। उपभोक्ताओं का दबाव और बढ़ने एवं अधिकारियों द्वार प्रकरण का संज्ञान लेने के बाद इंजीनियर कुछ और हरकत में आए।
शाम को रेलवे लाइन के नीचे से गुजरी 33 वोल्ट हजार की मुख्य लाइन में खराबी की बात वितरण खंड की ओर से बताई गई। करीब 60 घंटे से तहसील क्षेत्र के तीनों उपकेंद्र बंद होने से क्षेत्र में हाहाकार मच गया है। तहसील मुख्यालय, नगर पंचायत कोइरीपुर समेत चांदा एवं कई कस्बे की बिजली तीन दिन से बाधित होने से करीब पांच लाख की आबादी अंधेरे में डूब गई है।
बिजली नहीं रहने से तहसील मुख्यालय समेत कई सरकारी विभागों समेत कॉमर्शियल कार्य प्रभावित हैं। तीन दिन से बिजली नहीं मिलने से उपभोक्ताओं का रोष बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं के रोष को देखते हुए वितरण खंड द्वितीय ने फॉल्ट ठीक होने मेें अभी 24 घंटे और लगने की बात कही है।
दो माह बाद फिर वहीं खराबी
वितरण खंड द्वितीय लोहरामऊ रेलवे लाइन के पास से गुजरी 33 हजार वोल्ट की मेन लाइन की समस्या दूर नहीं कर पा रहा है। अभी करीब दो माह पहले भी रेलवे लाइन के पास ही 33 हजार वोल्ट की मेन लाइन में खराबी से तहसील क्षेत्र के तीनों उपकेंद्र बंद हो गए थे। तब भी तीनों उपकेंद्रों की आपूर्ति शुरू होने मेें सप्ताह भर का समय लगा था। मंगलवार की सुबह फिर रेलवे लाइन के पास मेन लाइन में फॉल्ट आ गया।
केबल सही होने में लगेगा समय
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशाषी अभियंता चंद्रजीत प्रसाद ने बताया कि रेलवे लाइन के पास मेन लाइन में खराबी का पता चला है। अभी केबल दुुरुस्त होने में समय लगेगा।