अमेठी। सीआरपीएफ कैंप त्रिसुंडी में सेना भर्ती रैली के पहले दिन सोमवार को सुल्तानपुर जनपद के 7640 अभ्यर्थियों में 5119 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। दौड़ में 450 अभ्यर्थी सफल हुए।
अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आसपास के जिलों की पुलिस भी सेना भर्ती के लिए जा और आ रहे युवाओं को लेकर एहतियात के तौर पर सतर्क रही।
सेना भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बसों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। वहीं सीआरपीएफ कैंप त्रिसुंडी में किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा बल, बैरिकेडिंग, फायर, शौचालय, एंबुलेंस, बिजली, पीने के लिए पानी जैसी सभी बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था है।
12 नवंबर तक चलने वाली भर्ती में मंगलवार को महाराजगंज जिले के 5656 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें जिले की नौतनवा तहसील के 590, निचलौल तहसील के 966, फरेंदा तहसील के 830, महाराजगंज तहसील के 3270 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
अभ्यर्थियों में सिपाही जीडी पद के लिए 3554, सिपाही तकनीकी के 423, सिपाही क्लर्क पद के 513, सिपाही नर्सिंग असिस्टेंट पद के 248 व सिपाही ट्रेडमैन पद के 918 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सोमवार की सुबह दौड़ प्रक्रिया में असफल अभ्यर्थियों को छोड़े जाने के बाद अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर युवाओं की भीड़ लग गई। युवा प्रतापगढ़ की तरफ से आने वाले ट्रकों को रोककर उस पर सवार हो गए।
वहीं, रोडवेज की बसों पर सवार हुए अभ्यर्थियों के टिकट नहीं लेने की वजह से कंडक्टरों को परेशानी हुई। युवकों को गंतव्य तक भेजने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में लगी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।