मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। विद्युत उपकेंद्र दियरा की हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट से बृृहस्पतिवार की रात उपकेंद्र की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से करीब 50 हजार आबादी पूरी रात परेशान रही। शुक्रवार को सुबह फॉल्ट ठीक होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
कादीपुर से दियरा उपकेंद्र को आने वाली हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट से बृहस्पतिवार की रात उपकेंद्र के पांचों फीडर मोतिगरपुर, दियरा, पहाड़पुर, बरौंसा और इंडोडच की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। बूंदाबांदी के बीच विद्युतकर्मी फॉल्ट तलाशने में रात 11 बजे तक लगे रहे, लेकिन फाॅल्ट का पता नहीं चल सका। बिजली आपूर्ति ठप होने से सबसे ज्यादा परेशानी मोतिगरपुर फीडर के उपभोक्ताओं को उठानी पड़ी।
गर्मी व उमस से बेहाल लोग रातभर बाहर व छतों पर हाथ के पंखों के सहारे रात गुजारने को मजबूर रहे। शुक्रवार को पैट्रोलिंग के दौरान लखनऊ-बलिया हाईवे पर गौरा के पास बांस की झाड़ी गिरने के चलते खराबी का पता चला। एक घंटे की मशक्कत के बाद झाड़ियों की सफाई कर आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। दियरा उपकेंद्र के जेई अनिल यादव ने बताया कि रात में फॉल्ट नहीं पता चल सका था। शुक्रवार को सुबह जानकारी होने पर फाॅल्ट ठीक करके बिजली आपूर्ति शुरू कराई गई।