अमेठी। क्षेत्र के सूरपुर में नाला अवरुद्ध होने से कई गांवों के बारिश का पानी इसी गांव में जमा हो गया है। पानी भरने से गांव के छह लोगों का कच्चा मकान गिरने के साथ ही 50 बीघे फसल जलमग्न हो गई है।
जगदीशपुर विकास खंड क्षेत्र के अनखरी से होते हुए शाहपुर, पिछवोर, मूंगा का पुरवा, रैपुरा आदि गांवों के बरसात का पानी सूरपुर नाले से निकलता है। सूरपुर में कुछ लोगों ने नाले की पटाई कर ली थी।
नाला की पटाई होने से गांव में ही बारिश का पानी का जमा हो गया है। निकासी की व्यवस्था नहीं होने से गांव के अलावा करीब 50 बीघे की फसल जलमग्न हो गई है। लंबे समय तक जलभराव के कारण फसलें भी प्रभावित हो सकती हैं।
पानी के गांव में घुसने से छह लोगों के कच्चे मकान ढह गए। सोमवार को केंद्रीय मंत्री व अमेठी सांसद स्मृति ईरानी के अपर निजी सचिव विजय गुप्ता ने गांव में पहुंच कर मकान गिरने वाले पीड़ितों को राहत किट वितरित की गई।
गांव के वासुदेव, रामबरन, विंदेश्वरी प्रसाद, राजनरायन, सूर्य लाल समेत कई ग्रामीणों की समस्याओं से जिलाधिकारी अमेठी प्रशांत शर्मा को अवगत कराकर अविलंब समस्या के निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।