क्रीड़ा के बहाने बंद कर दिया प्राथमिक विद्यालय
फोटो संख्या-20
अमर उजाला ब्यूरो
लंभुआ (सुल्तानपुर)। प्रदेश सरकार की तमाम सख्ती के बाद भी परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में शामिल होने के बहाने एक शिक्षकों ने प्राथमिक विद्यालय मलाक दोषपट्टी को बंद कर दिया।
तहसील क्षेत्र दूरस्थ गांव मलाक दोषपट्टी प्राथमिक विद्यालय स्थित है। इस विद्यालय में चार शिक्षक भी कार्यरत हैं। विद्यालय में बच्चों की खासी संख्या भी है। सोमवार को बेलौना पूरब में न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें प्रतिभाग करने वाले बच्चों और कुछ शिक्षकों को शामिल होना था। इस बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में शामिल होने के बहाने विद्यालय से सभी शिक्षक ही नदारद हो गए। आलम यह हुआ कि विद्यालय ही बंद हो गया। ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रधानाध्यापक सिकंदर अली से फोन पर संपर्क की कोशिश की लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने बताया कि सभी शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने बेलौना पूरब गए हैं। हालांकि विद्यालय बंद करना गलत है। विद्यालय किसी भी सूरत में बंद नहीं करने का आदेश दिया गया था।