सीएचसी पर स्टाफ नर्स के
साथ युवक ने की छेड़छाड़
क्रासर
स्वास्थ्य कर्मियों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जामों (अमेठी)। सीएचसी पर तैनात एक स्टाफ नर्स के साथ बृहस्पतिवार की शाम एक युवक ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। नर्स के चिल्लाने पर एकत्र हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पीड़िता के ससुर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रायबरेली जिले के एक गांव की रहने वाली एक युवती सीएचसी जामों पर स्टाफ नर्स के पद पर तैनात है। बीते छह माह से एक युवक स्टाफ नर्स को रास्ते में परेशान करता था। स्टाफ नर्स ने कई बार इसकी अनदेखी की। इससे युवक की हिम्मत बढ़ गई और वह बृहस्पतिवार को सीएचसी पहुंच गया। शाम को ड्यूटी से स्टाफ नर्स को छुट्टी मिली तो वह घर जाने के लिए तैयार हो रही थी। तभी युवक वहां पहुंचा और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। स्टाफ नर्स के चिल्लाने पर पहुंचे अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। इस बाबत थानाध्यक्ष बब्बूलाल मिश्र ने बताया कि आरोपी की पहचान हरिकृष्ण शुक्ल निवासी पूरे रामदीन पंडित कोतवाली गौरीगंज के रूप में की गई है। पीड़िता के ससुर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।