सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी दस्तक दे दी है। सोमवार को आई रिपोर्ट में एसपी कार्यालय के दो, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 16 समेत 41 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों में शहर के 12 पॉजिटिव शामिल हैं। 12 और पॉजिटिव मिलने पर शहर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। शहर में संक्रमण बढ़ने से स्थिति खराब होती जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर सीएमओ ने रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि 16,17 व 18 जुलाई को लखनऊ भेजे गए 1077 सैंपलों में 1036 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दो बार में आई जांच रिपोर्ट में 41 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कार्यरत दो एएसआई एम संक्रमित मिले हैं।
दोनों लखनऊ के निवासी हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे कूरेभार स्थित अरवलकीरी करवत के 12 कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। चार कर्मचारी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के बिरसिंहपुर कैंप कार्यालय के भी पॉजिटिव पाए गए हैं। ये कर्मचारी पूर्व में पॉजिटिव पाए गए कर्मचारियों के संपर्क में आए थे। शहर में फिर 12 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें बाटा गली मेजरगंज में एक महिला, कैलाश मैरिज लॉन के पास ओमनगर की एक महिला, रुहट्ठागली की एक 45 वर्षीय महिला, सिविल लाइंस की एक महिला शामिल है।
इसके साथ ही शहर के गभड़िया पुलिस चौकी के पास एक 50 वर्षीय महिला, मेजरगंज का एक युवक व इसी वार्ड में कार्यरत कर्मयोगी नगर निवासी आंगनबाड़ी कार्यकत्री है। शहर के साकेत हॉस्पिटल की गली करौंदिया का एक अधेड़, शास्त्रीनगर का एक प्रौढ़ व चौक घंटाघर की एक 35 वर्षीय महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। शहर के चिकमंडी एक महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। इलाहाबाद रोड स्थित श्यामनगर बस्ती का एक युवक संक्रमित मिला है।
ग्रामीण क्षेत्र में बहेलिया दूबेपुर की एक महिला, धम्मौर के कछावन का एक युवक व लंभुआ के शिवगढ़ निवासी एक युवक पॉजिटिव पाया गया है। भदैंया के कजियापुर में एक अधेड़, सफीपुर चांदा निवासी मां-बेटी संक्रमित पाई गई हैं। कोइरीपुर नगर पंचायत में दो सगे भाइयों समेत तीन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दूबेपुर के करमपुर परवरभार का एक युवक भी संक्रमित मिला है। सीएमओ ने बताया कि लखनऊ से पोर्टल पर भी तीन मरीज अंकित किए गए हैं। ये मरीज मूल रूप से जिले के ही निवासी हैं लेकिन मौजूदा समय में ये बाहर रह रहे हैं।
कोविड केयर सेंटर में भर्ती मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। 41 और मरीज मिलने से जिले में संक्रमितों की संख्या 409 व शहर में 43 हो गई है। अभी तक 204 मरीज स्वस्थ व नौ मरीजों की मौत हो चुकी है। 196 मरीजों का इलाज चल रहा है। दो रिपोर्ट में 41 मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन सकते में आ गया है। डीएम सी. इंदुमती ने लोगों से सतर्कता व सावधानी बरतने की अपील की है।