सुल्तानपुर। इटारसी-मुंबई रेलमार्ग बाधित होने से सोमवार को स्थानीय स्टेशन के सैकड़ों यात्री हलकान रहे। सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के रद्द होने से 400 से अधिक यात्रियों के टिकट निरस्त किए गए। जंक्शन, छोटे स्टेशन समेत निजी ऑपरेटरों के यहां यात्रियों की दिन भर भीड़ जमा रही। कामायनी एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से इटारसी-मुंबई रेलखंड अस्त-व्यस्त चल रहा है।
रेल प्रशासन ने रूट पर फिटनेस कार्य के चलते कई यात्री गाड़ियों का परिचालन रोक दिया है। सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के निरस्त होने से सोमवार को यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुल्तानपुर जंक्शन समेत निहालगढ़, मुसाफिरखाना व लंभुआ स्टेशनों पर सुबह से ही लिपिकों को यात्रियों को जल्दी धनराशि वापस करने के निर्देश दिए गए थे। यहां टिकट रद्द कराने के लिए दिन भर यात्रियों की कतार लगी रही। शहर व कस्बाई क्षेत्र के निजी ऑपरेटर भी इंटरनेट के माध्यम से बुक हुए आरक्षण टिकटों को निरस्त करने में जुटे रहे।
जनरल के 200 यात्रियों के नहीं लौटे टिकट
यात्री गाड़ी के निरस्त होने के बाद भी जनरल श्रेणी के 200 से अधिक यात्रियों को टिकट की धनराशि नहीं लौटाई गई। सोमवार को कई यात्रियों ने मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक व स्टेशन अधीक्षक से टिकट लौटाने की मांग की। धनराशि नहीं दिए जाने से यात्रियों में रेल अफसरों के प्रति गुस्सा देखा गया।