कोतवाली नगर में डकैती के आरोपी फुरकान और उसके बायें अरबाज।
सुल्तानपुर। चौक क्षेत्र में 28 अगस्त 2024 को हुए सराफा डकैती कांड के आरोपी अरबाज और फुरकान को कोतवाली पुलिस कोर्ट के आदेश पर सूरत के केंद्रीय कारागृह लाजपोर (गुजरात) से रिमांड पर लेकर सोमवार को सुल्तानपुर पहुुंची। आरोपियों की निशानदेही पर सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के निकट रेल ट्रैक के पास से 3़ 95 किग्रा चांदी बरामद हुई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें वापस सूरत जेल भेज दिया गया।
शहर के चौक ठठेरीबाजार में 28 अगस्त को सराफा व्यवसायी भरत जी सोनी की दुकान में दिनदहाड़े डकैती हुई थी। डकैती के आरोपी फुरकान उर्फ गुज्जर निवासी पूरे चन्दई चिलूली थाना मोहनगंज जिला अमेठी व अरबाज खान निवासी आशापुर रूरू थाना मोहनगंज जिला अमेठी ने 18 फरवरी को सूरत न्यायालय में एक दूसरे आपराधिक मामले में सरेंडर कर दिया था। वहां से दोनों को केंद्रीय कारागृह लाजपोर (गुजरात) भेज दिया गया था।
अरबाज और फुरकान की तलाश में जुटी पुलिस को पता चला कि दोनों गुजरात जेल में हैं तो विवेचक ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। सीजेएम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वारंट बी जारी कर न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया था। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुुलिस केंद्रीय कारागृह लाजपोर (गुजरात) से फुरकान व अरबाज को रिमांड पर लेकर सुल्तानपुर पहुंची। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक के पास छिपाए गए 3.95 किग्रा चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को बरामद आभूषण के साथ अदालत में पेश किया। प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने बताया कि फुरकान की निशानदेही पर 1.550 किग्रा व अरबाज खान की निशानदेही पर 1.545 किग्रा चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल अन्य 10 आरोपी पहले से ही सुल्तानपुर और रायबरेली जेल में बंद हैं।