ग्राहक सेवा केंद्र से एक लाख 20 हजार लूटे
सुल्तानपुर। भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से दिनदहाड़े दो युवकों ने एक लाख 20 हजार रुपये लूट लिया। सेवा केंद्र के संचालक ने शोर मचाया तो स्थानीय लोगों ने एक लुटेरे को दबोच लिया, जबकि दूसरा रुपये लेकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के कोइरीपुर निवासी रमेश चंद्र दूबे चांदा कस्बे में भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। मंगलवार को दो युवक उनके केंद्र पर पहुंचे और गल्ले में रखा एक लाख 20 हजार रुपये लूट लिया।
रमेश ने इसका विरोध किया तो दोनों बदमाशों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। चीख-पुकार के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
लोगों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। पीड़ित व्यवसायी की मानें तो उनके गल्ले से एक लाख 20 हजार रुपये की लूट की गई है।