जगदीशपुर (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बड़ेगांव के पास रविवार की शाम ओवरटेक के विवाद में बाइक सवार युवकों ने दोस्तों के साथ बस पर पथराव कर दिया।
पथराव में बस क्षतिग्रस्त हो गई। पत्थरबाजी में बस के चालक व परिचालक घायल हो गए। दो यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं। हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
चालक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। रविवार की शाम करीब साढ़े चार बजे परिवहन निगम की आजमगढ़ डिपो की बस सवारियों को लेकर लखनऊ की ओर जा रही थी।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कादूनाला के पास पहुंची थी, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवकों का बस के चालक महेंद्र उपाध्याय से ओवरटेक को लेकर कुछ विवाद हो गया।
इसके बाद बाइक सवार युवक आगे की ओर निकल गए। बस बड़ेगांव रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची थी तभी तीन-चार बाइक पर सवार करीब 10 युवकों ने बस पर पथराव शुरू कर दिया।
पत्थरबाजी में चालक महेंद्र उपाध्याय, परिचालक विजय शंकर प्रसाद व दो यात्री भी घायल हो गए। बस का शीशा चकनाचूर हो गया। पथराव से बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई।
कुछ स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद जब तक पुलिस पहुंची आरोपी फरार हो गए। पथराव से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बस के चालक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। घायल चालक व परिचालक का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया जबकि अन्य दो यात्री दूसरी बस पकड़कर गंतव्य के लिए रवाना हो गए।